रविरंजन कुमार महेंद्र Midiahaus Bihar gopalganj=बैकुण्ठपुर में डिग्री कॉलेज निर्माण की दिशा में बड़ा कदम, तूत बागान भूमि का हुआ स्थलीय निरीक्षण
बैकुण्ठपुर प्रखंड में राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत डिग्री कॉलेज के निर्माण को लेकर प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। इसी क्रम में भाजपा विधायक मिथिलेश तिवारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचल पदाधिकारी (सीओ) बैकुण्ठपुर के साथ तूत बागान स्थित बिजुलपुर लाला पट्टी (सिरसा मानपुर) की भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य डिग्री कॉलेज निर्माण हेतु प्रस्तावित भूमि की उपलब्धता, उपयुक्तता एवं भौतिक स्थिति का आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान विधायक मिथिलेश तिवारी ने भूमि के क्षेत्रफल, पहुंच मार्ग, आसपास की आबादी, शैक्षणिक वातावरण तथा भविष्य में विस्तार की संभावनाओं पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि बैकुण्ठपुर प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक है, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
स्थलीय निरीक्षण के क्रम में विधायक ने स्थानीय जनता से भी सीधे संवाद किया और उनकी राय व फीडबैक प्राप्त
-
किया। ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कॉलेज निर्माण को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और इसे क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया। लोगों ने कहा कि डिग्री कॉलेज खुलने से न केवल शिक्षा का स्तर ऊंचा होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को
- रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर भी मिलेंगे।
भूमि की उपलब्धता एवं जनता से प्राप्त फीडबैक के आधार पर विधायक मिथिलेश तिवारी ने प्रखंड एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि डिग्री कॉलेज निर्माण से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर राज्य सरकार को भेजा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्ताव भेजने में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करते हुए जल्द से जल्द प्रस्ताव सरकार को प्रेषित किया जाएगा।स्थानीय लोगों में निरीक्षण के बाद डिग्री कॉलेज निर्माण को लेकर नई उम्मीद जगी है और क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

