Midiahaus Bihar Gopalganj=एनएच-27 करस घाट के पास सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, पहचान में जुटी पुलिस, हाईवे जाम
गोपालगंज जिले के मोहम्मदपुर
थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 पर करस घाट के समीप एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद पुलिस मृतक की शिनाख्त में जुटी हुई है। हादसे से आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए एनएच-27 को जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार एनएच-27 पर अपनी बाइक से गुजर रहा था, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बाइक सवार को सदर अस्पताल भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतक के पास से कोई वैध पहचान पत्र बरामद नहीं होने की बात कही है, जिस कारण उसकी पहचान में परेशानी हो रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने दुर्घटना पर नाराजगी जताते हुए एनएच
-
-27 पर कुछ समय के लिए जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर मोहम्मदपुर थाना पुलिस के साथ-साथ यातायात पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल किया गया।

